
औरंगाबाद। जिले में सुबह और रात्रि में तापमान में भारी गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से एहतियात बरतने की अपील की है साथ ही साथ सोमवार की रात जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया।
सामाजिक सुरक्षा कोषांग के तत्वाधान में सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री विजयंत, वरीय उप समाहर्ता अमित कुमार सिंह एवं वरीय उप समाहर्ता मनीष कुमार के द्वारा जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया।इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी तथा उनके साथ रहे अधिकारियों ने सदर अस्पताल में रह रहे मरीजों के परिजनों को ठंड से सिकुड़ रहे थे और रेफर हुए मरीज जिनके पास ठंड से बचने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े नहीं थे उन्हें कंबल प्रदान कर राहत पहुंचाई।
इसके अलावा अधिकारियों ने शहर के रैन बसेरों का भी निरीक्षण किया और वहां भी ठंड से कांप रहे लोगों को कंबल प्रदान किया। जिला प्रशासन के द्वारा किए जा रहे कार्य की जरूरतमंदों के द्वारा मुक्त कंठ से सराहना की गई।जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी कृष्णा कुमार ने बताया की ठंड से बचाव के लिए पूरे जिले के प्रत्येक प्रखंड के सभी सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की भी व्यवस्था की गई है।