
औरंगाबाद। दाउदनगर शहर के अनुमंडल कार्यालय के समीप स्थित एक निजी होटल में शनिवार को लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हैंड्स ऑफ प्रकाशचंद्रा के संरक्षक डॉक्टर प्रकाश चंद्रा के नेतृत्व में काइरोप्रैक्टिक तकनीक से जोड़ों एवं मांसपेशियों के दर्द से जूझ रहे लोगों का निशुल्क इलाज की व्यवस्था की गई।इस निशुल्क उपचार शिविर में जिले के कई गांवों से आए 800 लोगों का सफल इलाज कराया गया और उन्हें उनके दर्द से मुक्ति दिलाई गई।
इस जांच शिविर में देश के प्रसिद्ध काइरोप्रैक्टिक चिकित्सक डॉ रजनीश कांत एवं उनकी टीम ने लोगों का निशुल्क इलाज किया। डॉ प्रकाशचंद्रा ने कहा कि डॉ रजनीश कांत काइरोप्रैक्टिक तकनीक से कई बड़ी-बड़ी हस्तियों का भी सफल इलाज कर चुके है।उन्होंने बताया कि काइरोप्रैक्टिक उपचार एक प्रकार की शारीरिक थेरेपी है। जिसका इस्तेमाल अक्सर मांसपेशियों और जोड़ों के दर्द जैसे पीठ दर्द और खेल में लगी चोट के इलाज के लिए किया जाता है।
श्री चंद्रा ने बताया कि उनकी संस्था हैंड्स ऑफ प्रकाश चंद्रा लगातार जरूरतमंदों की सेवा के लिए तत्पर है और टीम के सदस्य 24 घंटे अपनी उपस्थिति देते हैं।इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति एवं विधान पार्षद अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि डॉ. प्रकाश चंद्रा सोशल डॉक्टर हैं।
जब कभी किसी को किसी चीज की जरूरत होती है तो ये हमेशा खड़े रहते हैं और सभी की मदद करते हैं। समाज के लिए बेहतर करने वाले लोगों को राजनीति में आगे आना चाहिए। वैसे लोगों को आगे बढ़ना चाहिए ,जो समाज में वंचितों एवं गरीबों के लिए काम करते हैं। समाज की सेवा करते हैं। ऐसा कोई व्यक्ति आगे बढ़ता है, तो उसे आगे बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जाति की भावना को छोड़ना चाहिए. चुनाव आने पर जाति से जोड़ा जाता है।जीवन में मानवता मनुष्यता मायने रखता है। जब समाज में पद मिलता है तो उससे आप ताकत भी देते हैं। जो समाज की सेवा करे, उसके लिए काम करेगा। वही डॉ. रजनीशकांत ने कहा कि काइरोप्रैक्टिक तकनीक में बिना दवा और सर्जरी के मरीजों के जोड़ों के दर्द को ठीक किया जाता है। यह एक मैन्युअल तकनीक है. इसमें दवा का इस्तेमाल नहीं होता। मानव सेवा सबसे बड़ी सेवा है। वे बिहार ही नहीं, बल्कि भारत पूरे भारतवर्ष में निशुल्क कैंप लगाना चाहते हैं।
निशुल्क चिकित्सा शिविर के दौरान बीपीएससी में सफलता प्राप्त करने वाले दाउदनगर अनुमंडल के चार युवाओं को हैंड्स ऑफ प्रकाशचंद्रा की ओर से सम्मानित किया गया। सम्मान कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीओ मनोज कुमार एवं एसडीपीओ कुमार ऋषिराज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। बीपीएससी में सफलता प्राप्त करने वाले श्रेया कुमारी ,अदिति वैष्णवी, गोपाल कुमार व रौशन कुमार को सम्मानित किया गया। हुमा इरफान नहीं उपस्थित हो पाईं। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति एवं विधान पार्षद अवधेश नारायण सिंह ने बीपीएससी में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि इन बच्चों ने अपनी मेहनत के बल पर सफलता हासिल की है सही रास्ते पर चलें और अपनी बड़ी जवाबदेही का निर्वहन करें।
भाजपा के जिला प्रवक्ता अश्विनी कुमार तिवारी, लोजपा( रामविलास )के नेता महेंद्र पासवान आदि ने प्रमुख रूप से संबोधित किया और डॉ चंद्रा के द्वारा किए जा रहे कार्यों की न सिर्फ सराहना की बल्कि कहा कि जिस इलाज के लिए लोगों को महानगर का रुख करना पड़ता उसे प्रकाश चंद्र ने अपने अनुमंडल में उपलब्ध कराकर मांसपेशी एवं जोड़ों के रोगों से पीड़ित लोगों के लिए मसीहा का काम किया और उनके लाखों रुपए बचाए।
मौके पर विद्या निकेतन ग्रुप आफ स्कूल्स के सीईओ आनंद प्रकाश, तकनीकी सलाहकार विनय प्रकाश, समाजवादी नेता मोहन सिंह यादव, लोजपा( रामविलास) के प्रखंड अध्यक्ष रमेश पासवान, वार्ड पार्षद चिंटू मिश्रा,झोंकी यादव, प्रशांत इंद्र गुरु, मुकेश मिश्रा, प्रफुल्ल चंद्रा, गोविंदा राज आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।