
नई दिल्ली। मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड फरीदाबाद एनसीआर नई दिल्ली के द्वारा शुक्रवार को दशमेश प्लाजा सभागार भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस सम्मान समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से साहित्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, पत्रकारिता, समाज सेवा, इत्यादि कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तियों को विभिन्न प्रकार के अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।
दक्षिण बिहार के सामाजिक कार्यकर्ता एवं मगधांचल समग्र विकास समिति के अध्यक्ष संजय रघुवर को मानद डॉक्टरेट की उपाधि देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें संस्था द्वारा स्वर्ण पदक, प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया।
विदित हो कि श्री रघुवर विगत 35 वर्षों से शोषण, उत्पीड़न, भ्रष्टाचार इत्यादि मुद्दों पर संघर्षरत हैं। जिसके लिए इन्हें लगातार प्रताड़ित भी किया जाता रहा है। श्री रघुवर ने राजनीति को एवं समाज सेवा को धन उपार्जन का साधन नहीं बनाया और आज भी अभाव में जीते हुए संघर्षरत हैं। वर्तमान में देश के समाजवादी नेता एवं चिंतक श्री रघु ठाकुर के नेतृत्व वाली लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी हैं।