
औरंगाबाद, कपिल कुमार
औरंगाबाद व गया जिले के विभिन्न थानों में 19 कांडो के एक नामजद नक्सली को पुलिस ने दबोच लिया हैं। पुलिस को उक्त नक्सली को काफी समय से पकड़ने का इंतजार था और नक्सली पुलिस पकड़ से फरार चल रहा था। पुलिस उक्त नक्सली को पकड़ने के लिए लगातार प्रयासरत था। हमेशा पुलिस नक्सली के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। लेकिन भनक लगते फरार हो जा रहा था। गुप्त सूचना पर पुलिस ने शनिवार को यानी 25 अक्टूबर को गिरफ्तार करने के लिए ठिकाने पर पहुचीं और उसे फिल्मी स्टाईल में पकड़ कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार नक्सली की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के दर्जी बिगहा टोले मोमिनपुर गांव निवासी नजीबुल्लाह अंसारी उर्फ अंसारी जी के रूप में की गई। यह बड़ी कार्रवाई एसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर मदनपुर पुलिस ने की। इस छापेमारी अभियान में मदनपुर पुलिस व एस.टी.एफ. की टीम शामिल थी। पुलिस के लिए यह बड़ी सफलता हैं। नक्सली नजीबुल्लाह की गिरफ्तारी से नक्सलियों में दहशत कायम है । एसपी ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली 19 कांडो में नामजद अभियुक्त था। जिसके विरुद्ध मदनपुर, देव एवं गया ज़िले के आमस, डुमरिया समेत रौशनगंज (बांके बाजार) थाने में कांड दर्ज था और वह पुलिस की डर से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई की गई जिसमें पुलिस को सफलता मिली। नजीबुल्लाह पर नक्सली हिंसा के साथ आर्म्स एक्ट व विस्फोटक पदार्थ समेत कई अन्य कांड दर्ज़ हैं।