
औरंगाबाद (कपिल कुमार)
मंगलवार को नगर थाना परिसर में रामनवमी पर्व को लेकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री विजयंत की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान रामनवमी पूजा समिति के कई सदस्य, बुद्धिजीवी, समाजसेवी व राजनीतिक कार्यकर्ता भी मौजूद थे। इस मौके पर एसडीओ ने कहा कि रामनवमी पर्व बिल्कुल शांति व्यवस्था के साथ मनाएं। अफवाह पर ध्यान ना देंगे। जो रूट निर्धारण किया गया है उसी रूट के हिसाब से शोभायात्रा निकाली जाएगी। बिना लाइसेंस के कहीं भी शोभायात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी सदस्यों से रामनवमी पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में व जिला प्रशासन को सहयोग करने की अपील की। बैठक में मुख्य पार्षद नगर परिषद उदय गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार रवि राज, अंचल अधिकारी अंशु कुमार सिंह, राजस्व पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।